मोतिहारी: घर लौटते वक्त नदी में गिरी बाइक, तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत

मधुबन सड़क हादसे में घर के इकलौते पुत्र कृष गुप्ता की मौत से परिवार सदमे में है. 19 वर्षीय कृष की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उसके दोस्त प्रियांशु की हालत नाजुक बनी हुई है. पिता संतोष गुप्ता ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Motihari News: मोतिहारी. मधुबन सड़क हादसे में घर के इकलौते पुत्र की मौत के बाद मधुबन पुरानी बाजार निवासी संतोष गुप्ता के परिवार में कोहराम मच गया. 19 वर्षीय कृष गुप्ता की इलाज के दौरान मौत हो गयी, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार प्रियांशु गंभीर रूप से जख्मी हो गया. हादसा रविवार की रात चकिया से मधुबन लौटने के दौरान बाराघाट पुल के पास हुआ.

Madhuban News: बाराघाट पुल पर नदी में जा गिरी बाइक

बताया गया कि कृष गुप्ता और उसका दोस्त प्रियांशु रविवार की रात बाइक से चकिया से मधुबन लौट रहे थे. बाराघाट पुल पर चढ़ने के दौरान बाइक पुल के अप्रोच के साथ नदी में जा गिरी.

पीछे से गुजर रहे राहगीरों ने हादसा देखकर चकिया पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को चकिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया.

इलाज के दौरान कृष गुप्ता की मौत हो गयी. वहीं प्रियांशु का इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है.

तीन बहनों का इकलौता भाई था कृष

कृष तीन बहनों का इकलौता भाई था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को कृष का शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.

कृष की मां संध्या देवी बेटे का शव देखकर बदहवास हो गयीं. वहीं तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

ठेला लगाकर परिवार चलाते हैं पिता

कृष के पिता संतोष गुप्ता पुरानी बाजार चौक पर ठेला लगाकर अंडा और मोमोज बेचते हैं. मुखिया अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कृष का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उसके पिता ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

एकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

मधुबन में ही है प्रियांशु का ननिहाल

प्रियांशु मोतिहारी शहर के मनोज साह का पुत्र है. उसका ननिहाल मधुबन में है और वह अपने मामा दिलीप साह के घर आया था. कृष और प्रियांशु दोस्त थे. दोनों मधुबन से बाइक से चकिया गये थे और लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गये.

परिजनों के अनुसार, बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण हादसा हुआ.

युवाओं से अपील : रफ्तार पर रखें नियंत्रण

सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी भर का दर्द दे सकती है. तेज रफ्तार बाइक चलाने से चालक के साथ-साथ पूरे परिवार की खुशियां भी खतरे में पड़ सकती हैं. युवाओं से अपील है कि बाइक चलाते समय रफ्तार पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का पालन करें.

यह भी पढ़ें: घर के बाहर बैठी महिला को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shashi Chandra Tiwary

शशि चंद्र तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं. साल 2009 में सन्मार्ग हिंदी दैनिक से पत्रकारिता की शुरुआत की और 2011 से लगातार प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वर्तमान में वह पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन से प्रभात खबर के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. समसामयिक, अपराध, राजनीति, प्रशासनिक गतिविधि और कृषि जैसे विषयों की पत्रकारिता में विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >