11 साल बाद कोर्ट के आदेश का पालन, पुलिस ने दिलाया जमीन का कब्जा

मोतिहारी में 11 साल पुराने भूमि विवाद का आखिरकार पटाक्षेप हो गया. पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाकर बुजुर्ग नैमुला अंसारी को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलाया. यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.

Motihari News: कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मंगलापुर गांव में वर्षों पुराने भूमि विवाद का रविवार को पटाक्षेप हो गया. पटना हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में पुलिस प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाकर जमीन के वास्तविक मालिक नैमुला अंसारी को उनकी भूमि का कब्जा दिलाया. कार्रवाई के दौरान गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना हाईकोर्ट ने वर्ष 2014 में ही नैमुला अंसारी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए संबंधित भूमि का कब्जा दिलाने का आदेश दिया था. इसके बावजूद वर्षों तक न्यायालय के आदेश का पालन नहीं हो सका और जमीन पर विपक्षी पक्ष का कब्जा बना रहा.

पुलिस बल के साथ पहुंचा प्रशासन

रविवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. कार्रवाई शुरू होते ही जमीन पर कब्जा जमाए बैठे लियाकत हुसैन, मोहम्मद अयूब हुसैन, सलामुद्दीन हुसैन और हसनैन ने विरोध जताया.

विपक्षी पक्ष का आरोप था कि प्रशासन उन्हें जबरन उनकी जमीन से हटा रहा है. विरोध के दौरान कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.

पुलिस की मौजूदगी में दिलाया गया कब्जा

विरोध के बावजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा और न्यायालय के आदेश के अनुरूप जमीन को कब्जामुक्त कराकर नैमुला अंसारी को उसका वैधानिक अधिकार दिला दिया. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

वर्षों पुराने विवाद का हुआ समाधान

स्थानीय लोगों के अनुसार यह भूमि विवाद कई वर्षों से चला आ रहा था. प्रशासनिक स्तर पर पहले भी कई प्रयास हुए थे, लेकिन मामला नहीं सुलझ पाया था. रविवार की कार्रवाई के बाद लंबे समय से लंबित विवाद का समाधान हो गया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Subodh kumar singh

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >