रक्सौल सीमा से सटे वीरगंज में हवाला के 4.50 लाख भारतीय रुपयों के साथ मोतिहारी का व्यक्ति गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर वीरगंज में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. विशेष चेकिंग अभियान के दौरान हवाला कारोबार से जुड़े 4.50 लाख भारतीय रुपयों के साथ एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई से अवैध वित्तीय नेटवर्क चलाने वालों में हड़कंप मच गया है.

Hawala Arrest: मोतिहारी जिले से सटे भारत-नेपाल सीमा पर स्थित वीरगंज में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पर्सा जिला पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान हवाला कारोबार से जुड़े 4 लाख 50 हजार भारतीय रुपयों के साथ एक भारतीय नागरिक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोतिहारी जिले के पलनवा थाना क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में की गई है. इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध वित्तीय नेटवर्क चलाने वालों में हड़कंप मच गया है.

रजत जयंती चौक पर चेकिंग के दौरान धराया तस्कर

जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के अनुसार यह कार्रवाई वीरगंज महानगरपालिका वार्ड संख्या 16 स्थित रजत जयंती चौक के समीप की गई. इनर्वा पुलिस चौकी से तैनात सुरक्षाकर्मियों की टीम सीमा क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच कर रही थी. इसी दौरान भारत की ओर से आ रही बीआर 06 एटी 6445 नंबर की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया. चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया.

बाइक की डिक्की से मिले 500, 200 और 100 के नोट

पुलिस टीम ने जब मोटरसाइकिल की सघन तलाशी ली, तो उसकी डिक्की के अंदर गुप्त तहखाने जैसे स्थान में छिपाकर रखी गई भारतीय करेंसी बरामद हुई. गिनती करने पर कुल 4 लाख 50 हजार भारतीय रुपये पाए गए. इसमें 500 रुपये के 891 नोट, 200 रुपये का एक नोट और 100 रुपये के 43 नोट शामिल थे. नेपाली मुद्रा में इस जब्त राशि का मूल्य करीब 7 लाख 20 हजार रुपये आंका गया है.

हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की पुष्टि, बाइक जब्त

पुलिस ने बरामद नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को तुरंत जब्त कर लिया. अशोक कुमार को हिरासत में लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष पेश किया गया. पर्सा पुलिस की प्राथमिक छानबीन में यह बात पुख्ता हुई है कि यह रकम हुंडी (हवाला) कारोबार के जरिए गैरकानूनी तरीके से सीमा पार खपाने के लिए ले जाई जा रही थी.

रकम के स्रोत और रिसीवर की तलाश में जुटी पुलिस

पर्सा पुलिस प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ विदेशी विनिमय अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारी अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं कि यह भारी नकदी मोतिहारी में किसने सौंपी थी और वीरगंज में इसे किस कारोबारी तक पहुंचाया जाना था. सीमावर्ती नेटवर्क के अन्य संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है.

यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर नगर निगम की सख्ती से बकायेदारों में हड़कंप, पुलिस के पहुंचते ही स्कूल संचालक ने चुकाया टैक्स

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >