Motihari News: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यालयों तथा शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. निदेशक (प्रशासन) यतेन्द्र कुमार पाल ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य
विभागीय आदेश के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान संबंधित कार्यालयों और संस्थानों के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
भारतीय झंडा संहिता के अनुरूप होगा आयोजन
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी स्थानों पर झंडोत्तोलन का कार्यक्रम भारतीय झंडा संहिता, 2002 के प्रावधानों के अनुरूप आयोजित किया जाए. राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है.
डीईओ, बीईओ और प्राचार्य करेंगे झंडोत्तोलन
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जिला स्तरीय कार्यालयों में जिला शिक्षा पदाधिकारी मुख्य झंडोत्तोलन करेंगे. वहीं प्रखंड स्तरीय कार्यालयों में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में संबंधित प्राचार्य द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा.
राष्ट्रगीत से शुरू होगा कार्यक्रम
विभाग ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए कार्यक्रम की क्रमबद्ध रूपरेखा भी निर्धारित की है. सबसे पहले राष्ट्रगीत का गायन होगा. इसके बाद निर्धारित पदाधिकारी द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा और फिर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन होगा.
संबोधन के बाद अन्य कार्यक्रम होंगे आयोजित
राष्ट्रगान के बाद मुख्य अतिथि या संबंधित अधिकारी द्वारा संबोधन दिया जाएगा. इसके बाद निर्धारित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. समारोह के अंत में एक बार फिर राष्ट्रगीत का गायन होगा और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: इंटरनेट के दौर में खो रही गांव की पुरानी परंपरा, कभी गांव-गांव सजती थी झारा-झरखी की महफिल
