Motihari Anganwadi Recruitment: पूर्वी चंपारण जिले में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है. आईसीडीएस विभाग के निर्देश के बाद जिला स्तर पर चयन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इसके तहत जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) से अपने-अपने क्षेत्र में रिक्त पदों का अद्यतन ब्योरा मांगा गया है.
रिक्तियों का पूरा विवरण मिलने के बाद विभाग इन्हें सार्वजनिक करेगा और भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
सभी सीडीपीओ से मांगी गई रिक्त पदों की जानकारी
प्रभारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (डीपीओ) निधि कुमारी ने बताया कि विभागीय आदेश मिलने के बाद बहाली की तैयारी शुरू कर दी गई है.
उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं से रिक्त पदों की संख्या प्राप्त होने के बाद सूची जारी की जाएगी. इसके बाद सरकार की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ कोटिवार चयन किया जाएगा.
इस बार पूरी तरह ऑनलाइन होंगे आवेदन
डीपीओ ने बताया कि इस बार भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी.
इच्छुक अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा निर्धारित पोर्टल पर आवेदन करना होगा. आवेदन शुरू होने से पहले विभाग आवेदन तिथि, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देश जारी करेगा.
पारदर्शी होगी चयन प्रक्रिया
आईसीडीएस विभाग का कहना है कि ऑनलाइन आवेदन व्यवस्था से चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी.
इससे अभ्यर्थियों को आवेदन करने में सुविधा होगी और चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सकेगी.
अभ्यर्थियों के लिए विभाग की अपील
विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन तिथि घोषित होने तक आधिकारिक सूचना का इंतजार करें.
साथ ही किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर भरोसा न करने की सलाह दी गई है. विभाग की ओर से आवेदन से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी समय पर जारी की जाएगी.
