Raxaul News: जिला बाल संरक्षण इकाई, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के निर्देश पर बुधवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से रक्सौल स्थित डंकन अस्पताल में बाल संरक्षण एवं वैधानिक दत्तक ग्रहण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया. कार्यक्रम का आयोजन डंकन अस्पताल के लाइजन ऑफिसर समीर दिगल के सहयोग से किया गया.
वैधानिक प्रक्रिया से ही लें बच्चा गोद
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के श्याम कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन के अभिषेक कुमार तथा अन्य कर्मियों ने लोगों को वैधानिक दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया और बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बच्चा गोद लेने के इच्छुक परिवारों को केवल भारत सरकार द्वारा निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करना चाहिए. अनधिकृत या अवैध तरीके से किसी बच्चे को गोद लेना कानूनन अपराध है.
संकट में मिले बच्चे की तुरंत दें सूचना
वक्ताओं ने बताया कि यदि कोई बच्चा लावारिस, असहाय, खोया हुआ या किसी संकट की स्थिति में मिले तो उसे अपने पास रखने या कहीं ले जाने के बजाय तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112, बाल कल्याण समिति अथवा विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान को इसकी सूचना देनी चाहिए.
बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम में कहा गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सम्मानजनक वातावरण में जीवन जीने का अधिकार है. बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
इस अवसर पर डंकन अस्पताल के एडमिनिस्ट्रेटर जोस जॉन, डॉ. ज्ञानराज, डॉ. ब्लेसी, स्वास्थ्यकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे. सभी प्रतिभागियों ने बाल अधिकारों की रक्षा और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
