साइबर ठगों ने तीन पैक्स अध्यक्षों को प्रखंड का बीसीओ बता किया ठगी का प्रयास, सूझबूझ से बचे

साइबर ठगों ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी बनकर तीन पैक्स अध्यक्षों से ठगी का प्रयास किया। सूझबूझ से सभी अध्यक्ष बाल-बाल बच गए। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।

Patahi Cyber Impersonation: थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग पैक्स अध्यक्षों से साइबर ठगों द्वारा खुद को प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) बताकर साइबर ठगी करने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है. हालांकि तीनों पैक्स अध्यक्षों ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से साइबर ठगों के इस झांसे को समय रहते समझ लिया और ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बच गए. इस घटना के बाद से क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों और पैक्स अध्यक्षों में हड़कंप मच गया है.

सुबह-सुबह फोन कर पैक्स अध्यक्ष से मांगा मोबाइल रिचार्ज 

जानकारी के अनुसार साइबर ठगों ने सबसे पहले महमादा पैक्स के अध्यक्ष पवन कुमार को मंगलवार की सुबह उनके मोबाइल फोन पर कॉल किया. ठग ने खुद को प्रखंड का बीसीओ बताते हुए बेहद चालाकी से एक अनजान नंबर पर तुरंत रिचार्ज करने को कहा. पैक्स अध्यक्ष पवन कुमार को ठग की आवाज और बात करने के तरीके पर संदेह हुआ. उन्होंने तुरंत ठग के मंसूबे को भांप लिया और कोई भी भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया.

इन दो नंबरों से आया कॉल,प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को दी सूचना 

इसके साथ ही साइबर ठगों ने बड़ाशंकर पैक्स अध्यक्ष और परसौनी कपूर पैक्स अध्यक्ष के पुत्र के मोबाइल पर भी खुद को प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी बताते हुए फोन किया. ठगों ने उन्हें झांसे में लेने के लिए मोबाइल नंबर 87422333713 एवं 9262667633 का इस्तेमाल किया. इन दोनों जगहों पर भी अध्यक्षों की सतर्कता के कारण ठग अपने इरादों में नाकाम रहे. इसके बाद तीनों पैक्स अध्यक्षों ने तुरंत इस पूरे मामले की आधिकारिक सूचना वास्तविक प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी शंकर कुमार को दी.

अनजान कॉल आने पर सतर्क रहें लोग: बीसीओ 

घटना के संबंध में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) शंकर कुमार ने बताया कि साइबर ठगों द्वारा तीन पैक्स अध्यक्षों को फोन कर खुद को प्रखंड का बीसीओ बताकर अवैध राशि और ठगी का प्रयास किया गया था. उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड के तमाम पैक्स अध्यक्षों और आम लोगों से अपील की है कि वे इस प्रकार के किसी भी संदिग्ध फोन कॉल या वित्तीय मांग आने पर पूरी तरह सतर्क रहें और बिना जांच के कोई कदम न उठाएं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विकास कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >