मोतिहारी: सरकारी और निजी स्कूलों में चल रहे 'एक पेड़ मां के नाम-3.0' अभियान की धीमी प्रगति पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने नाराजगी जताई है. राज्य परियोजना निदेशक धर्मेंद्र कुमार (आईएएस) ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (डीपीओ) को निर्देश जारी करते हुए अभियान को मिशन मोड में पूरा करने का आदेश दिया है.
31 जुलाई 2026 तक तय लक्ष्य के मुकाबले कम पौधारोपण होने पर विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है और अब स्कूलों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
10 अगस्त तक इको क्लब बनाना अनिवार्य
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी शेष स्कूलों को 10 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से इको क्लब का गठन करने और उसका नोटिफिकेशन भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया है. तय समयसीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है.
30 सितंबर तक हर हाल में पूरा करना होगा लक्ष्य
शिक्षा मंत्रालय की 16 जुलाई 2026 को हुई ऑनलाइन समीक्षा बैठक में कम प्रगति पर चिंता जताई गई थी. इसके बाद सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 30 सितंबर 2026 तक वृक्षारोपण का लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
इसके लिए वन विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, ग्रामीण विकास विभाग (मनरेगा) और नगर निकायों के साथ समन्वय कर पर्याप्त संख्या में पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है.
जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करना होगा
विभाग ने निर्देश दिया है कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनकी जियो-टैग्ड फोटो और जीवित पौधों की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट भी नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करनी होगी.
इको क्लब के लिए जारी हुआ गतिविधियों का कैलेंडर
'इको क्लब- मिशन फॉर लाइफ' के तहत स्कूलों में पूरे वर्ष पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
- अगस्त 2026: कचरा और ई-कचरा प्रबंधन, रिसाइकल्ड आर्ट प्रतियोगिता और स्वतंत्रता दिवस पर पर्यावरण शपथ.
- सितंबर 2026: जैव विविधता, नेचर वॉक, पौधों पर QR कोड टैग और वृक्षारोपण का अंतिम चरण.
- अक्टूबर-नवंबर 2026: पोषण वाटिका, कम्पोस्ट पिट और प्लास्टिक मुक्त दिवाली अभियान.
- दिसंबर 2026: ऊर्जा संरक्षण, बिजली खपत ऑडिट, एलईडी अभियान और 'पर्यावरण मित्र पुरस्कार'.
- जनवरी-फरवरी 2027: सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और वार्षिक इको क्लब रिपोर्ट अपलोड.
यह भी पढ़ें: रक्सौल में ईओ विमल कुमार की हत्या पर शोकसभा, सीबीआई जांच की मांग
