Harsiddhi News: हरसिद्धि प्रखंड की नई बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) काजल किरण ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया. कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने परियोजना कार्यालय में पर्यवेक्षिकाओं के साथ बैठक कर आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, बच्चों की पढ़ाई और पोषाहार वितरण की समीक्षा की.
बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
नियमित पढ़ाई और पोषाहार पर विशेष जोर
सीडीपीओ काजल किरण ने निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की नियमित पढ़ाई और गुणवत्तापूर्ण पोषाहार का वितरण निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने कहा कि बच्चों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और इसके लिए सभी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी.
टीएचआर वितरण के दिन होगा औचक निरीक्षण
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि टेक-होम राशन (टीएचआर) वितरण वाले दिन संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा.
यदि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही मिली तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
पर्यवेक्षिकाओं को दिए निगरानी के निर्देश
नई सीडीपीओ ने सभी पर्यवेक्षिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया.
उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोषण व्यवस्था और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में कार्यालय के प्रधान सहायक अनमोल कुमार, डाटा ऑपरेटर सुमित कुमार, लकी कुमारी, बबीता कुमारी, क्रांति कुमारी, प्रमिला देवी, सुधा देवी, नसीमा खातून, ममता कुमारी, प्रमिला कुमारी, कल्पना देवी, किरण सिंह, क्रांति देवी सहित अन्य पर्यवेक्षिकाएं और कार्यालय कर्मी मौजूद रहे.
