Motihari SP Action: मोतिहारी जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है. कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही और आम जनता से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने बंजरिया और पताही के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर (लाइन क्लोज) कर दिया है. पुलिस महकमे में शीर्ष स्तर पर हुई इस अचानक कार्रवाई से लापरवाह पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है.
लगातार मिल रही जनशिकायतों पर नपे बंजरिया थानाध्यक्ष
बंजरिया थाना के थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के खिलाफ लंबे समय से एसपी कार्यालय को गंभीर शिकायतें मिल रही थीं. स्थानीय लोगों द्वारा उनकी कार्यप्रणाली, गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर कई बार विरोध दर्ज कराया गया था. शिकायतों की प्राथमिक समीक्षा के बाद एसपी ने जनहित और बेहतर कानून व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया.
हत्या मामले में लापरवाही बरतने पर पताही थानाध्यक्ष पर गाज
दूसरी तरफ पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार पर एक संगीन दोहरे हत्याकांड की जांच में घोर शिथिलता और लापरवाही बरतने का आरोप लगा है. घटना के बाद त्वरित और प्रभावी कदम न उठाने के कारण पुलिस की छवि धूमिल हो रही थी. एसपी ने इसे अक्षम्य मानते हुए बबन कुमार को लाइन क्लोज कर दिया और उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है.
अभिषेक कुमार बने पताही तो निभा कुमारी को बंजरिया की कमान
दोनों थानों में विधि-व्यवस्था को तुरंत पटरी पर लाने के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात ने नए तेजतर्रार पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती कर दी है. वर्ष 2009 बैच के पुलिस निरीक्षक अभिषेक कुमार को पताही थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वहीं तुरकौलिया थाने में तैनात 2020 बैच की सब-इंस्पेक्टर निभा कुमारी को बंजरिया थाने की नई कमान सौंपी गई है.
लापरवाही पर जारी रहेगा जीरो टॉलरेंस अभियान
एसपी ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण, त्वरित अनुसंधान और जनसेवा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जनता के प्रति संवेदनहीनता दिखाने वाले अधिकारियों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर नगर निगम की सख्ती से बकायेदारों में हड़कंप, पुलिस के पहुंचते ही स्कूल संचालक ने चुकाया टैक्स
