East Champaran News: थाना क्षेत्र के वृंदावन पंचायत के माधोपुर दामो गांव निवासी पंकज सिंह (36) की उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब अयोध्या से लौट रही उनकी कार सामने से आ रही बस से टकरा गई.
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और पंकज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.
रामलला के दर्शन कर लौट रहे थे
परिजनों के अनुसार, पंकज सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने गए थे.
दर्शन के बाद सभी लोग कार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बस्ती जिले के रिखिया गांव के पास उनकी कार सामने से आ रही बस से टकरा गई.
हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, इस दुर्घटना में पंकज सिंह के साथ उनके तीन दोस्तों की भी मौत हुई है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से अलग से आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है.
हादसे के बाद सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
सूचना मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
घटना की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए.
गांव में हादसे की सूचना पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाने लगे.
पत्नी और मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
पंकज सिंह की शादी करीब 10 वर्ष पहले संध्या देवी से हुई थी. उनके परिवार में 6 वर्षीय पुत्र युवराज और 4 वर्षीय पुत्री आराध्या हैं.
पति की मौत की खबर सुनते ही संध्या देवी बेसुध हो गईं. परिजनों के अनुसार, वह बार-बार रोते हुए बेहोश हो जा रही थीं. वहीं दोनों मासूम बच्चों को अभी इस बात का एहसास भी नहीं है कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है.
गांव में पसरा मातम
माधोपुर दामो गांव में पूरे दिन मातमी माहौल बना रहा. ग्रामीणों ने पंकज सिंह को मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया.
परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं और पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा बनी हुई है.
