Motihari News: मोतिहारी. मधुबन थाना क्षेत्र के रोहुमान गांव से तीन वर्षीय मासूम बच्ची अंशिका कुमारी के लापता होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में बच्ची को उसकी चाची द्वारा असम ले जाने की बात सामने आई है. मामले में मानव तस्करी और तंत्र-मंत्र से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है. पुलिस बच्ची की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच में जुटी है.
Madhuban News: मां के खेत से लौटने पर गायब मिली बच्ची
लापता बच्ची की मां रीना देवी ने थाना में आवेदन देकर बताया कि 9 अगस्त की सुबह वह खेत में काम करने गई थीं. घर लौटने पर उनकी तीन वर्षीय पुत्री अंशिका घर पर नहीं मिली. काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई.
जांच में चाची पर बच्ची को ले जाने का आरोप
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि बच्ची की चाची योगी देवी, जिसका मायका असम के कोकराझार में है, उसे अपने साथ लेकर चली गई. पुलिस के अनुसार महिला का मोबाइल फोन फिलहाल बंद आ रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई हो रही है.
यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
टेंपो चालक के बयान से मिला अहम सुराग
पुलिस पूछताछ में एक टेंपो चालक ने बताया कि गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बांसवारी के पास एक महिला गोद में बच्ची लिए खड़ी थी. वह अपनी बेटी और नाती-नातिन के साथ बच्ची को लेकर मुजफ्फरपुर गई और वहां से ट्रेन के जरिए असम के लिए रवाना हो गई. इस बयान के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है.
मानव तस्करी के एंगल से भी हो रही जांच
पुलिस का कहना है कि बच्ची को असम ले जाने की सूचना के बाद मानव तस्करी समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है. बच्ची की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है. संबंधित जिलों और रेलवे पुलिस को भी आवश्यक सूचना भेजी गई है.
यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
