Mahavir Jhanda Procession: महावीर झंडा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बंजरिया पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने जुलूस के लाइसेंसधारियों और आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.
बिना लाइसेंस जुलूस निकालने की अनुमति नहीं
थानाध्यक्ष ने सभी लाइसेंसधारियों से अगले एक-दो दिनों के भीतर अपना लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैध लाइसेंस के बिना किसी भी परिस्थिति में जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
क्षेत्र में आगामी 17 अगस्त से महावीर झंडा जुलूस शुरू होने की संभावना है. थाना क्षेत्र में करीब 19 से 20 स्थानों से जुलूस निकलने का अनुमान है.
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
प्रशासन की ओर से जुलूस के निर्धारित रूटों का निर्धारण कर लिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
थानाध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की कि पारंपरिक महावीर झंडा पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं. प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से समय पर लाइसेंस लेने और शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने की अपील की है.
