बिहार के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील का मेन्यू बदला, अब इन 4 सब्जियों पर लगी रोक, जानिए वजह

Bihar Mid Day Meal Menu: मानसून के बीच बिहार शिक्षा विभाग ने बच्चों की सेहत को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया है. अब सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील में बैंगन, भिंडी, पत्ता गोभी और पत्तेदार साग का इस्तेमाल नहीं होगा. विभाग ने भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है.

Bihar Mid Day Meal Menu: बिहार में मानसून के दौरान बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना में बदलाव किया है. अब सरकारी स्कूलों में बनने वाले भोजन में कुछ खास सब्जियों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा. विभाग ने सभी जिलों को नई गाइडलाइन जारी कर दी है.

इन सब्जियों को मिड-डे मील से हटाया गया

नई व्यवस्था के तहत सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में बनने वाले मिड-डे मील में अब बैंगन, भिंडी, पत्ता गोभी और सभी तरह के पत्तेदार साग का उपयोग नहीं किया जाएगा.

शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि इनकी जगह स्थानीय स्तर पर मिलने वाली ताजी और सुरक्षित मौसमी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाए.

सभी जिलों को भेजा गया आदेश

शिक्षा विभाग ने यह निर्देश सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) को भेज दिया है. विभाग ने कहा है कि बारिश के मौसम में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

अधिकारियों को स्कूलों में रसोईघर की सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और भोजन बनाने की प्रक्रिया पर नजर रखने को कहा गया है.

मानसून में संक्रमण का बढ़ जाता है खतरा

शिक्षा विभाग के अनुसार बारिश के मौसम में कुछ हरी सब्जियों और पत्तेदार सब्जियों में कीड़े और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. अगर इनकी सही तरीके से सफाई नहीं की जाए तो बच्चों को पेट से जुड़ी समस्या, फूड प्वाइजनिंग और अन्य बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है.

इसी वजह से विभाग ने एहतियात के तौर पर इन सब्जियों को कुछ समय के लिए मिड-डे मील के मेन्यू से हटाने का फैसला लिया है.

ताजी और स्थानीय सब्जियों पर रहेगा जोर

नई गाइडलाइन में स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि ऐसी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाए, जो ताजी हों और स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हों. इसके अलावा भोजन बनाने से पहले सब्जियों और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने को भी कहा गया है.

विभाग ने साफ पानी के इस्तेमाल और भोजन की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

स्कूलों में होगी नियमित जांच

मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के दौरान देखा जाएगा कि भोजन तय नियमों के अनुसार तैयार हो रहा है या नहीं. अगर किसी स्कूल में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर लिया गया फैसला

शिक्षा विभाग का कहना है कि मिड-डे मील का उद्देश्य सिर्फ बच्चों को खाना उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और पौष्टिक भोजन देना भी है. मानसून के दौरान संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह बदलाव किया गया है, ताकि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों को बेहतर और सुरक्षित भोजन मिल सके.

Also Read:बांकीपुर से BJP उम्मीदवार अभिषेक बंटी कितने अमीर? दसवीं पास हैं, हलफनामे से जानिए संपत्ति, कर्ज और गहनों का पूरा हिसाब



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >