नालंदा/राजगीर: धर्म, आस्था और सनातन परंपरा के प्रतीक राजकीय राजगीर मलमास मेला-2026 का भव्य शुभारंभ रविवार को हुआ। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं, साधु-संतों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ से गुलजार हो उठा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राजगीर मलमास मेला बिहार की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है. यह मेला केवल आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का भी बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, आवासन, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
मेले में बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मेला परिसर में टेंट सिटी, चिकित्सा शिविर, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूले और अन्य आकर्षण लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। उद्घाटन के साथ ही राजगीर की धार्मिक नगरी पूरी तरह से भक्तिमय माहौल में डूब गई है.
