Madhubani News: लौकही थाना क्षेत्र के कुंड़ीवन गांव में जमीनी विवाद के दौरान हुई कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद करने का दावा किया है.
धान रोपनी के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:50 बजे सूचना मिली थी कि कुंड़ीवन गांव में पहले से चल रहे जमीनी विवाद के बीच धान की रोपनी को लेकर नरेश यादव और रामचंद्र यादव पक्ष के बीच विवाद हो गया. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान रामचंद्र यादव के पक्ष से राजू यादव द्वारा दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने का आरोप है.
यह भी पढ़ें: पंडौल में घर पर पथराव और हवाई फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार, कई की तलाश जारी
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
सूचना मिलते ही लौकही थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसपी के अनुसार, पुलिस को देखकर दो लोग भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान राजू यादव की कमर से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए. वहीं रामचंद्र यादव के पास से एक खोखा बरामद हुआ. पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
प्राथमिकी दर्ज, न्यायिक हिरासत की प्रक्रिया
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुंड़ीवन गांव निवासी राजू यादव और रामचंद्र यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ लौकही थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
