Madhubani News: बेनीपट्टी प्रखंड के विशनपुर पंचायत स्थित मकिया गांव से गुजरने वाली खिरोई नदी में शनिवार दोपहर स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान मकिया निवासी अब्दुल मजीद के पुत्र मो. दुलारे (14) के रूप में हुई है. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और एसडीआरएफ टीम के समय पर नहीं पहुंचने से नाराज लोगों ने बसैठ-पुपरी एसएच-52 को जाम कर दिया.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए दो किशोर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे मकिया गांव के दो किशोर खिरोई नदी में स्नान करने गए थे. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. इनमें से एक किशोर किसी तरह नदी से बाहर निकल आया और शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची. बचाए गए किशोर को उपचार के लिए सीतामढ़ी जिले के पुपरी स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
तीन घंटे तक नहीं पहुंची एसडीआरएफ टीम
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए और अपने स्तर पर लापता किशोर की तलाश शुरू कर दी. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद तीन घंटे से अधिक समय तक न तो एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और न ही पर्याप्त प्रशासनिक सहायता मिली.
आखिरकार स्थानीय लोगों ने शाम करीब 4:30 बजे नदी से किशोर का शव बरामद कर लिया.
शव मिलने के बाद सड़क जाम, प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन
शव बरामद होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने बसैठ-पुपरी एसएच-52 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. खबर लिखे जाने तक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे थे.
इधर, किशोर की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
