Madhubani News: लदनियां प्रखंड के 81 प्राथमिक एवं 45 मध्य विद्यालयों समेत कुल 126 सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं को इस शैक्षणिक सत्र में अब तक विभाग की ओर से कॉपियां उपलब्ध नहीं कराई गई हैं. सत्र शुरू होने के कई महीने बाद भी कॉपी नहीं मिलने से विद्यार्थियों की लिखित पढ़ाई और अभ्यास प्रभावित हो रहा है. इससे अभिभावकों में भी नाराजगी देखी जा रही है.
Ladania News: कॉपी नहीं मिलने से लिखित पढ़ाई प्रभावित
विद्यालयों में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं. ऐसे में विभाग की ओर से मिलने वाली कॉपियों का इंतजार उनकी मजबूरी बन गया है. समय पर कॉपी नहीं मिलने के कारण कई छात्र पुरानी कॉपियों के बचे हुए पन्नों पर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि कुछ अभिभावकों को बाजार से कॉपियां खरीदनी पड़ रही हैं.
शिक्षकों को भी हो रही परेशानी
शिक्षकों का कहना है कि कॉपियों के अभाव में विद्यार्थियों से नियमित लिखित कार्य कराना कठिन हो रहा है. इसका सीधा असर पठन-पाठन की गुणवत्ता पर पड़ रहा है. नियमित अभ्यास नहीं होने से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति भी प्रभावित हो रही है.
अभिभावकों ने विभाग से की मांग
अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से जल्द कॉपियों की आपूर्ति कर सभी सरकारी विद्यालयों में वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि समय पर कॉपियां मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से चल सकेगी.
विभाग से कॉपी मिलते ही होगा वितरण
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमितेश कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा इस शैक्षणिक सत्र में अब तक कॉपियां उपलब्ध नहीं कराई गई हैं. विभाग से कॉपियां प्राप्त होते ही प्रखंड के सभी 126 विद्यालयों में उनका वितरण करा दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, मधुबनी में डीएम ने किया ट्राइसाइकिल वितरण
