Madhubani News: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जागरूक कलश यात्रा में जिले के जनप्रतिनिधियों को सूचना अथवा आमंत्रण नहीं दिये जाने को लेकर भाजपा ने सवाल उठाये हैं. जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री सुबोध कुमार चौधरी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय भगत, जिला उपाध्यक्ष सतीश कुमार ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष राधा देवी, रविदास अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन पासवान, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर यादव एवं मीडिया प्रभारी मनोज कुमार मुन्ना ने इस मुद्दे पर प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.
जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादा का सवाल
भाजपा नेताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संदेश अभियान के तहत आयोजित जागरूक कलश यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यक्रम था. ऐसे कार्यक्रम में जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और संबंधित प्रमुख लोगों की सहभागिता अपेक्षित थी.
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से किसी जनप्रतिनिधि को कार्यक्रम की विधिवत जानकारी अथवा आमंत्रण नहीं दिया गया. उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादा से जुड़ा गंभीर विषय बताया.
किन जनप्रतिनिधियों को भेजा गया आमंत्रण, स्थिति स्पष्ट करे प्रशासन
प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कार्यक्रम के संबंध में जिले के जनप्रतिनिधियों को विधिवत सूचना या आमंत्रण नहीं दिया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन कारणों से जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गयी.
उन्होंने प्रशासन से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि यदि सूचना अथवा आमंत्रण भेजा गया था तो किन-किन जनप्रतिनिधियों को भेजा गया और किस तिथि को भेजा गया.
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की मांग
वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा आयोजित अथवा प्रशासन के सहयोग से आयोजित किसी भी महत्वपूर्ण सार्वजनिक कार्यक्रम की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय पर देना लोकतांत्रिक मर्यादा और आपसी समन्वय की दृष्टि से आवश्यक है.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि होते हैं. सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है. ऐसे में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय होना जरूरी है.
डीएम से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करने की मांग
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का अपमान करना नहीं है. उनका उद्देश्य प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की गरिमा को बनाए रखना है.
उन्होंने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करने और यह बताने की मांग की कि जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम की सूचना क्यों नहीं दी गयी.
साथ ही मांग की गयी कि भविष्य में जिले में आयोजित होने वाले किसी भी महत्वपूर्ण सरकारी या सार्वजनिक कार्यक्रम में सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय पर विधिवत सूचना और आमंत्रण सुनिश्चित किया जाए.
