Sakri News: छपरा में 25 जुलाई को ड्यूटी के दौरान रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार और दृष्टि पाठक के घायल होने की घटना के विरोध में पंडौल प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम प्रकाश ने शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन काली पट्टी बांधकर कार्यालय में कार्य किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
काली पट्टी बांधकर किया सांकेतिक विरोध
बीडीओ शुभम प्रकाश ने कहा कि उनका विरोध पूरी तरह सांकेतिक है, जिसका उद्देश्य अधिकारियों की सुरक्षा के मुद्दे की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है. उन्होंने कार्यालय पहुंचकर काली पट्टी बांधी और आम लोगों के कार्यों का नियमित रूप से निष्पादन भी किया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि विरोध प्रदर्शन के बावजूद सभी सरकारी योजनाओं एवं कार्यालय के कार्य सामान्य रूप से संचालित होते रहेंगे.
सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग
बीडीओ ने सरकार से मांग की कि प्रखंड कार्यालयों में विधि-व्यवस्था जैसी संवेदनशील ड्यूटी के दौरान उपयोग के लिए बीडीओ को बॉडी प्रोटेक्टर, रायट हेलमेट, शील्ड, लेग गार्ड, आर्म गार्ड सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि ऐसी परिस्थितियों में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
यह भी पढ़ें: मधुबनी शहर में दूसरे दिन भी सफाई कर्मियों की हड़ताल, 200 टन कचरा नहीं उठा
