Madhubani: मधुबनी के सकरी थाना क्षेत्र में एनएच-27 किनारे रेस्ट हाउस की आड़ में कथित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने नरपतिनगर स्थित अपोलो टायर दुकान के ऊपरी तल पर संचालित रॉयल रेस्ट हाउस में छापेमारी कर तीन युवतियों को मुक्त कराया. मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, गिरोह का मुख्य संचालक बंगाली उर्फ आलमगीर शेख पुलिस की पकड़ से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
मधुबनी पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चार सितंबर को मधुबनी न्याय केंद्र, बिहार सेवा समिति के एक सामाजिक कार्यकर्ता से मिली गुप्त सूचना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ सदर वन के नेतृत्व में विशेष संयुक्त टीम गठित की गयी. टीम में सकरी थानाध्यक्ष, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), महिला थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम के साथ अतिरिक्त महिला एवं पुरुष पुलिस बल को शामिल किया गया.
चारों तरफ से घेरकर की गई छापेमारी
विशेष टीम ने शाम के समय रॉयल रेस्ट हाउस की चारों तरफ से घेराबंदी कर विधिवत तलाशी ली. इस दौरान दूसरे और तीसरे तल के अलग-अलग कमरों से तीन युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में बरामद किया गया. महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित अभिरक्षा में लिया. वहीं, मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस को देखते ही दो-तीन अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गये.
प्रेम, शादी और नौकरी का झांसा देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुक्त कराई गई युवतियों ने आरोप लगाया कि गिरोह के संचालक बंगाली उर्फ आलमगीर शेख, सौरभ मिस्त्री और दिनेश कुमार महतो बाहर के क्षेत्रों, विशेषकर कोलकाता आदि से युवतियों को प्रेम संबंध, शादी और अच्छी नौकरी का झांसा देकर यहां लाते थे.
आरोप है कि इसके बाद युवतियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी देकर जबरन देह व्यापार कराया जाता था. ग्राहकों से मिलने वाली रकम को गिरोह के संचालक आपस में रख लेते थे.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
छापेमारी के दौरान फॉरेंसिक टीम ने रेस्ट हाउस के कमरों की वीडियोग्राफी कराई. वहां से आपत्तिजनक सामग्री और वस्त्रों को वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया.
मामले में सकरी थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
चार आरोपित गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- सौरभ मिस्त्री, श्यामनगर, थाना जगदल, जिला नॉर्थ 24 परगना, पश्चिम बंगाल.
- दिनेश कुमार महतो, बिठौनी, थाना अंधराठाढ़ी, मधुबनी.
- दिनेश कुमार, घाट भटरा, थाना बिस्फी, मधुबनी.
- पप्पू पासवान, रानीपुर, थाना सदर, दरभंगा.
पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, गिरोह के मुख्य संचालक बंगाली उर्फ आलमगीर शेख समेत अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी में बैंक से रुपये निकालकर लौट रही महिला से 22 हजार की लूट
