Madhubani News: सदर अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या और नई रेफरल व्यवस्था को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए हैं. स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने सभी सिविल सर्जनों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि अस्पतालों में मरीजों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सके.
नई रेफरल व्यवस्था से बढ़ेगी जिला अस्पतालों की भूमिका
नई रेफरल व्यवस्था के तहत मरीजों को केवल विशेष परिस्थितियों में ही बड़े अस्पतालों या चिकित्सा महाविद्यालयों में रेफर किया जाएगा. विभाग का उद्देश्य मरीजों को उनके नजदीकी सरकारी अस्पताल में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है. इसके लिए सदर अस्पतालों में आईसीयू और इमरजेंसी सेवाओं के प्रभावी संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया है.
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अस्पतालों में भीड़ नियंत्रण के साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है. इसी उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.
तीनों पालियों में रहेंगे सुरक्षा गार्ड
निर्देश के अनुसार, सदर अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी. संबंधित मैनपावर एजेंसी के माध्यम से तीनों पालियों में पर्याप्त संख्या में वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. प्रातः और संध्या पाली में दो-दो तथा रात्रि पाली में चार सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
सुरक्षित अस्पताल वातावरण बनाने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है. मधुबनी के सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा कि अस्पतालों में आए दिन होने वाली झड़पों के कारण चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत का माहौल रहता है. उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक कदम है.
