Madhubani News : दर्शनार्थियों के लिए आज खुलेगा मां दुर्गा का पट

शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि रविवार को सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बेलन्योती की रस्म पूरी की गयी.

मधुबनी.

शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि रविवार को सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बेलन्योती की रस्म पूरी की गयी. मंदिर व पूजा पंडालों से गाजे-बाजे के साथ डोली लेकर सैकड़ों की संख्या में जुलूस की शक्ल में श्रद्धालु निकट के बेल के वृक्ष के पास पहुंचे. फिर पंडितों ने वैदिक मंत्रों का उच्चरण कर यह रस्म पूरी करायी. इसी निमंत्रित बेल के लस्से से 29 सितंबर अर्थात सोमवार को देवी दुर्गा की आंखों में ज्योति प्रदान कर उनकी प्रतिमा में प्राण-प्रतिष्ठा अर्पित की जाएगी. देवी दुर्गा सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमा में प्राण-प्रतिष्ठा अर्पित करने के बाद आमलोगों के लिए मां का पट खोल दिया जाएगा, ताकि लोग मां दुर्गा का दर्शन व पूजा-अर्चना कर सके.

मां कात्यायनी की हुई आराधना

जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र के दुर्गा मंदिरों व पूजा पंडालों में रविवार को देवी दुर्गा की छठे स्वरूप देवी कात्यायनी की पूजा-अर्चना की गयी. देवी दुर्गा की जयकारे व वैदिक मंत्रोच्चार से जिले का माहौल भक्तिमय हो गया है. पौराणिक गंथों व धर्मशास्त्रों में कहा गया है कि देवी कात्यायनी की निष्ठापूर्वक की गयी आराधना कभी निष्फल नहीं जाता है. उनकी अभयदानी वाली मुद्रा भक्तों का सदा कल्याण करती है. इसी भावना से हजारों की संख्या में श्रद्धालु सुबह होते ही हाथों में फूल, फल, अक्षत, तिल, जौ, धूप, दीप, नैवेद्य से सजी डालियां लिये दुर्गा मंदिरों व पूजा पंडालों की ओर रुख करते दिखे. मंदिरों व पूजा-पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने में पूजा समिति के सदस्यों को काफी मशक्कत करना पड़ रहा है. शारदीय नवरात्र में शहर के सप्तेश्वरी स्थान, गंगासागर परिसर स्थित महाराज कामेश्वर सिंह रामेश्वरी लता दुर्गा मंदिर, आदर्शनगर दुर्गा मंदिर, गिलेशन दुर्गा मंदिर, भौआड़ा स्थित दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है. जहां सुबह से ही श्रद्धालु नर-नारियों का हुजूम उमड़ रही है. लोग देवी दुर्गा मंदिरों व पूजा पंडालों में पंडित दुर्गा सप्तशती का पाठ कर पुण्य के भागी बन रहे हैं. वहीं, शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों व देवी दुर्गा सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम पूरा कर लिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >