Panchayat Vikas Diwas: पंचायत विकास दिवस पर प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने महिलाओं को सशक्त बनाने पर दिया जोर

Panchayat Vikas Diwas: मधुबनी के झंझारपुर में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लेशी सिंह शामिल हुईं. उन्होंने ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ थीम के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर और पंचायतों को डिजिटल बनाने पर जोर दिया.

मधुबनी से रमण कुमार की रिपोर्ट

Panchayat Vikas Diwas: बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले “पंचायत विकास दिवस” के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया.इस कड़ी में झंझारपुर प्रखंड के महीनाथपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री सह भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेशी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं.इस विशेष आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम सभा के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही.इसी क्रम में जिले के तमाम वरीय अधिकारियों ने भी अलग-अलग पंचायतों में जाकर इस अभियान का जायजा लिया.

गांवों के विकास से ही संभव है राष्ट्र का समग्र विकास

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि पंचायतें हमारे लोकतंत्र की असली आधारशिला हैं और गांवों के विकास से ही राज्य एवं राष्ट्र का समग्र विकास संभव है.बिहार सरकार द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा करना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है.उन्होंने बताया कि बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को जमीनी स्तर पर बेहद सशक्त बनाया गया है.

‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ थीम पर विशेष विमर्श

प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस बार के पंचायत विकास दिवस की मुख्य थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” रखी गई है.हमारा स्पष्ट विश्वास है कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही परिवार, समाज और पंचायतें मजबूत होंगी.स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देना, महिला उद्यमिता, कौशल विकास, बेहतर स्वास्थ्य और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है.उन्होंने कहा कि ई-ग्राम स्वराज जैसे डिजिटल माध्यम पंचायतों में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत कर रहे हैं.मधुबनी जिले की प्रत्येक पंचायत को स्वच्छ, स्वस्थ, आत्मनिर्भर और डिजिटल बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है.

सतत विकास के नौ प्रमुख लक्ष्यों पर हुई चर्चा

महीनाथपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.स्थानीयकृत सतत विकास के नौ प्रमुख लक्ष्यों—गरीब मुक्त, स्वस्थ, बाल हितैषी, जल पर्याप्त, स्वच्छ एवं हरित, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त, सामाजिक न्याय, सुशासन और महिला हितैषी पंचायत पर विशेष चर्चा की गई.इसके साथ ही उत्कृष्ट पंचायतों द्वारा किए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया.

नुक्कड़ नाटक से नशा मुक्ति का संदेश और ‘मन की बात’ का प्रसारण

इस विशेष अवसर पर देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक जुड़े.इसके अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की नुक्कड़ नाटक टीम ने अपनी कला, लोक गीत और संगीत के माध्यम से वहां मौजूद लोगों को नशा मुक्ति को लेकर जागरूक किया और समाज सुधार का संदेश दिया.

ये भी पढ़ें: सनातन बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा, वक्फ बोर्ड की तर्ज पर बने कानून

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >