मधुबनी: जिले के रहिका थाना क्षेत्र अंतर्गत सतलखा गांव के समीप एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में महज 10 महीने के मासूम की जान चली गई. दो बाइकों के बीच हुई इस अनियंत्रित टक्कर में बच्चे की मां शबीला खातून गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल मां और बच्चे को रहिका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच (दरभंगा) रेफर कर दिया गया है.
मवेशी बांधने वाली रस्सी में फंसा हैंडल, अनियंत्रित होकर गिरी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार बेनीपट्टी की दिशा से आ रहे थे. आगे चल रही एक बाइक पर मवेशी बांधने वाली रस्सी लदी हुई थी, जिस पर एक पुरुष और एक महिला सवार थे. उसी दिशा से आ रही दूसरी बाइक पर एक महिला अपनी गोद में 10 महीने के बच्चे को लेकर सवार थी. सतलखा गांव के समीप दूसरी बाइक का हैंडल आगे वाली बाइक पर बंधी रस्सी में अचानक उलझ गया. हैंडल फंसते ही दूसरी बाइक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह सड़क पर जोरदार तरीके से जा गिरी.
मासूम की मौके पर ही मौत, महिला गंभीर रूप से जख्मी
बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरते ही उस पर सवार महिला और उसकी गोद से छिटककर 10 माह का मासूम दूर जा गिरे. सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं महिला शबीला खातून सड़क पर घिसटने से बुरी तरह लहूलुहान होकर अचेत हो गईं. घटना में दूसरी बाइक चला रहे सवार को भी मामूली चोटें आई हैं. हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत बचाव के लिए दौड़े.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, दोनों गाड़ियां जब्त कर जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों की व्यवस्था कर घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और पूरे मामले की सूचना रहिका थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और एक बाइक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले आई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विधिक छानबीन की जा रही है और पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बेतिया में स्वच्छता अभियान का आगाज, सार्वजनिक स्थलों से पर्यटन क्षेत्र तक होगी सफाई
