बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, जलभराव और गंदगी से बढ़ी लोगों की परेशानी

मधुबनी के नंदनगर, विद्यापति नगर और शिवशक्ति नगर भीषण जलजमाव की चपेट में हैं. नगर निगम की उदासीनता के कारण सड़कें तालाब बन गई हैं, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों की परेशानियां बढ़ गई हैं. गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है.

Madhubani News: नगर निगम क्षेत्र के नंदनगर, विद्यापति नगर और शिवशक्ति नगर मोहल्ले इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और प्रशासन की उदासीनता के कारण मुख्य सड़कें बारिश के पानी और नालियों के गंदे पानी से पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं. हालात ऐसे हैं कि सड़कें तालाब जैसी दिखाई दे रही हैं और लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है.

जलजमाव से स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है. पानी से भरी सड़कों पर गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है. पैदल चलने वाले और बाइक सवार भी फिसलकर चोटिल हो रहे हैं.

गंदे पानी से बीमारी फैलने का खतरा

मोहल्ले की सड़कों और खाली प्लॉटों में कई दिनों से गंदा पानी जमा है. इससे मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है और डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की आशंका गहरा गई है. दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है.

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से लगाई गुहार

स्थानीय निवासी रघुनाथ यादव, अधिवक्ता रानी विक्रमशीला, विजय कुमार और अधिवक्ता ललित यादव सहित अन्य लोगों ने नगर निगम से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.

यह भी पढ़ें: एसएसबी ने टेम्पो से भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajay anand

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >