मधुबनी शहर को मिली बड़ी सौगात, 2.33 करोड़ से बनेगा आधुनिक कचरा प्रबंधन केंद्र

मधुबनी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने 2 करोड़ 33 लाख 60 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. यह परियोजना शहर के सुनियोजित और पर्यावरण-अनुकूल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

Madhubani News: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निगम मधुबनी में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) और कंपोस्ट पिट निर्माण के लिए 2 करोड़ 33 लाख 60 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने इसे शहर के सुनियोजित और पर्यावरण-अनुकूल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.

जिलाधिकारी के प्रयास से मिली परियोजना की स्वीकृति

समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने लगातार विभागीय समन्वय, अनुश्रवण और पत्राचार किया. नगर निगम एवं नगर विकास विभाग के साथ नियमित समीक्षा के बाद परियोजना को मंजूरी मिली. उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय स्वीकृति नहीं, बल्कि मधुबनी के भविष्य को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम है.

वैज्ञानिक तरीके से होगा कचरे का निस्तारण

परियोजना पूरी होने के बाद शहर में निकलने वाले सूखे और गीले कचरे का वैज्ञानिक पृथक्करण, पुनर्चक्रण तथा जैविक कचरे से कंपोस्ट तैयार करने की आधुनिक व्यवस्था विकसित होगी. इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मजबूत होगा, प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के लक्ष्यों को भी गति मिलेगी.

छह नगर निकायों को मिलेगा परियोजना का लाभ

जिलाधिकारी ने बताया कि विभागीय स्वीकृति के अनुसार परियोजना के लिए लगभग आठ एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी. जिले के छह नगर निकायों में MRF और कंपोस्ट पिट निर्माण दो क्लस्टरों में किया जाएगा. पहले क्लस्टर में मधुबनी नगर निगम के साथ बेनीपट्टी और जयनगर नगर निकाय शामिल किए गए हैं.

आधुनिक और स्वच्छ शहर बनाने की तैयारी

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन इस महत्वाकांक्षी परियोजना के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने नगर विकास एवं आवास विभाग, नगर निगम मधुबनी तथा परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों के सहयोग की सराहना की. कार्यक्रम में मेयर अरुण राय, नगर आयुक्त उमेश कुमार, अपर समाहर्ता मुकेश राजन झा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: नहाने गया था 13 साल का अर्नभ, कमला बलान नदी की गहराई बनी काल; गोताखोरों ने निकाला शव


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Awadesh kumar das

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >