Madhubani News: लखनौर थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव में रविवार दोपहर करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई.
पंखे का स्विच ऑन करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान बिजलीपुर गांव निवासी ऊतिन लाल महतो के 42 वर्षीय पुत्र बुची लाल महतो के रूप में हुई है.
मृतक की पत्नी तेतरी देवी ने बताया कि दोपहर में भोजन करने के बाद बुची लाल कमरे में लगे पंखे का स्विच ऑन करने गए थे. इसी दौरान उन्हें अचानक तेज करंट का झटका लगा और वे जमीन पर गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए झंझारपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रकाश कुमार अमर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बुची लाल महतो परिवार के इकलौते कमाने वाले बताए जा रहे हैं. उनकी असामयिक मौत के बाद पत्नी तेतरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया.
