Madhubani News: नगर पंचायत बेनीपट्टी को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. प्रखंड के महमदपुर मौजे में प्रस्तावित सेनेटरी लैंडफिल (कचरा रखरखाव केंद्र) के लिए चिह्नित सरकारी भूमि का नगर आयुक्त उमेश भारती और एसडीएम शारंग पाणि पांडेय ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया.
15 एकड़ भूमि पर बनेगा लैंडफिल प्लांट
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चिह्नित भूमि की लंबाई-चौड़ाई, आबादी से दूरी और आवागमन की सुविधाओं का जायजा लिया. नगर आयुक्त उमेश भारती ने बताया कि महमदपुर में सेनेटरी लैंडफिल निर्माण के लिए स्थल का चयन किया गया है. अंचल प्रशासन ने यहां करीब 22 एकड़ सरकारी भूमि चिन्हित की थी, जिसमें से 15 एकड़ भूमि इस परियोजना के लिए आवंटित की गई है.
डीएम की मंजूरी के बाद शुरू होगा निर्माण
नगर आयुक्त ने बताया कि स्थल निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट जिला पदाधिकारी और संबंधित विभाग को भेजी जाएगी. डीएम स्तर से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद सेनेटरी लैंडफिल निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा.
कचरा निस्तारण की समस्या का मिलेगा स्थायी समाधान
अधिकारियों ने बताया कि प्लांट के चालू होने के बाद बेनीपट्टी नगर पंचायत क्षेत्र में कचरा निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा. इससे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने की समस्या कम होगी और क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में मदद मिलेगी.
निरीक्षण के दौरान सीओ अभिषेक आनंद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद, स्वच्छता पदाधिकारी शिव कुमार, अंचल अमीन लोकेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
