मधुबनी: इंडो-नेपाल बॉर्डर पर तैनात 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के हरिने कैंप के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 328 बोतल शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. तस्कर के पास से बाइक भी बरामद की गयी है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बासोपट्टी थाना क्षेत्र के कटैया गांव निवासी मिथिलेश राम के रूप में हुई है.
सीमा स्तंभ के पास चल रही थी निगरानी
प्राप्त सूचना के आधार पर SSB की पेट्रोलिंग पार्टी को सीमा स्तंभ संख्या 279 से करीब एक किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में ग्राम करुणा के पास भेजा गया. टीम ने निर्धारित स्थान पर रणनीतिक रूप से छिपकर निगरानी शुरू की.
इसी दौरान पेट्रोलिंग पार्टी ने नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बोरे में सामान बांधकर आते देखा. जवानों ने उसे रुकने का संकेत दिया.
जवानों को देखकर भागने का किया प्रयास
सुरक्षा बल के जवानों को देखकर मोटरसाइकिल सवार घबरा गया. उसने बाइक गिराकर मौके से भागने का प्रयास किया. पेट्रोलिंग पार्टी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान उसके पास से 328 बोतल शराब बरामद की गयी. इसके साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया.
तस्कर के खिलाफ आगे की कार्रवाई
इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि SSB द्वारा सुपुर्द किये गये तस्कर के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की आगे की प्रक्रिया में जुटी है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी में EVM-VVPAT वेयरहाउस का निरीक्षण, डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
