Madhubani: मधुबनी-राजनगर रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौके पर मौत

Madhubani News: मधुबनी-राजनगर मुख्य मार्ग पर ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों भाई टाइल्स का काम कर घर लौट रहे थे, हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.पढ़ें पूरी खबर...

Madhubani News:बिहार के मधुबनी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. मधुबनी-राजनगर मुख्य सड़क मार्ग पर बेल्हबार और परिहरपुर के बीच मंगलवार की रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई.

काम से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

मृतकों की पहचान राजनगर प्रखंड के बलहा (पुरोहित) दास टोल निवासी राजेंद्र दास उर्फ मखन दास के दो पुत्रों, सिरचन दास उर्फ राजू दास (39) और किशोरी दास (27) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों भाई मधुबनी के सप्ता में टाइल्स लगाने का काम करते थे. मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वे काम खत्म करके एक ही मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे.

पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

मोटरसाइकिल सवार दोनों भाई जैसे ही बेल्हबार चौक और पवन चौक के बीच एक ईंट-भट्टे के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मधुबनी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, ट्रक जब्त

इस दर्दनाक घटना से गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों ने बेल्हबार और परिहारपुर के बीच सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की पहल तथा उचित मुआवजे के आश्वासन के बाद जाम को हटाया जा सका. दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को थोड़ी दूर आगे जंगल में छिपाकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने खोजकर जब्त कर लिया है.

परिवार में मचा कोहराम, गांव में मातमी सन्नाटा

एक ही परिवार के दो कमाऊ बेटों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों की मां रेणु देवी और दोनों भाइयों की पत्नियां बदहवास हैं. मृतक बड़े भाई सिरचन के दो पुत्र और दो पुत्री हैं, जबकि छोटे भाई किशोरी दास की शादी हो चुकी थी पर उन्हें कोई संतान नहीं थी. इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

मधुबनी से रमण कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >