Madhubani News: मधुबनी जिले की पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी और डकैती की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए अंतरजिला गिरोह के चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 20 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. एसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेनीपट्टी के अभिषेक कुमार मंडल, दरभंगा बहेड़ी के मोनू कुमार, मुजफ्फरपुर कटरा के प्रियांशु कुमार उर्फ सुमित और साहरघाट के रमेश कुमार पासवान के रूप में हुई है.
पैसों के विवाद और शोरगुल के बाद ग्रामीणों ने दबोचा
यह पूरी घटना साहरघाट थाना क्षेत्र की है. एसपी ने बताया कि 16 मई की रात पुलिस को सूचना मिली कि बिशनपुर मुख्य सड़क पर ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ रखा है. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अभिषेक के माध्यम से रमेश कुमार पासवान से दो देशी पिस्टल खरीदने पहुंचे थे. इसके लिए 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे और 35 हजार रुपये बाद में देने तय हुए थे. हथियार खरीदने के बाद सभी आरोपी भूतनाथ मंदिर के पास एक बगीचे में डकैती की योजना बना रहे थे. इसी दौरान पार्टी में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया और रमेश हथियार व बैग लेकर भाग निकला. शोर सुनकर ग्रामीणों ने बाकी तीन को दबोच लिया.
मुख्य आरोपी रमेश भी हथियारों के साथ गिरफ्तार
तीन आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रमेश कुमार पासवान के घर छापेमारी की, लेकिन वह फरार था. अगले दिन पुलिस को सूचना मिली कि रमेश भूतनाथ मंदिर के पास छुपा है. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके बैग से दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 20 हजार कैश और मोबाइल बरामद हुआ.
अंतरजिला हथियार तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी रमेश ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की बात कबूल की है. उसने बताया कि डकैती की इस साजिश में चार अन्य अपराधी भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क और उनके संपर्कों की गहन जांच कर रही है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
