मधुबनी के घोघरडीहा से सुशील कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगराहा में सोमवार की देर रात सनसनीखेज मामला सामने आया है. ग्रामीणों की तत्परता से पुलिस ने विद्यालय से चावल की बोरी चोरी कर ले जाते हुए एक व्यक्ति को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. पकड़े गए व्यक्ति की पहचान वार्ड नंबर-10 के वार्ड सदस्य सह विद्यालय शिक्षा समिति (वीएसएस) के अध्यक्ष रवि यादव के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
ग्रामीणों ने बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात कुछ ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में संदिग्ध गतिविधि देखी. उन्होंने देखा कि स्कूल से चावल निकाला जा रहा है, जिसकी उन्होंने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुअनि सोमनाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और वार्ड सदस्य को कंधे पर चावल की बोरी लादकर ले जाते हुए पकड़ लिया. प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है.
प्रधानाध्यापक का बचाव
हैरानी की बात यह है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार राय इस मामले में आरोपी का बचाव करते नजर आ रहे हैं. जनगणना ड्यूटी में प्रतिनियुक्त प्रधानाध्यापक ने सफाई दी कि स्कूल में जगह की कमी के कारण वीएसएस अध्यक्ष चावल को ‘सुरक्षित’ रखने के लिए अपने घर ले जा रहे थे. हालांकि, आधी रात को बिना किसी पूर्व सूचना के चावल को निजी आवास पर ले जाने की दलील ग्रामीणों के गले नहीं उतर रही है.
एमडीएम प्रभारी और अन्य की भूमिका पर उठे सवाल
इस घटना ने प्रखंड मध्याह्न भोजन (एमडीएम) प्रभारी और विद्यालय प्रबंधन के बीच के तालमेल की पोल खोल दी है. घटना के बाद एमडीएम प्रभारी ने मोबाइल रिसीव नहीं किया, जिससे संदेह और गहरा गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि यह एक बड़े रैकेट का हिस्सा हो सकता है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इससे पहले भी विद्यालय के संसाधनों का इसी तरह दुरुपयोग किया गया है.
