मधुबनी: सदर अस्पताल रोड पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, पानी में उतरा करंट

Madhubani News: मधुबनी सदर अस्पताल रोड पर सूखा पीपल का पेड़ गिरने से बिजली तार टूट गए और सड़क पर करंट फैल गया. अस्पताल प्रशासन ने बिजली लाइन बंद करवाई, लेकिन पेड़ हटाने में देरी से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. पढे़ं पूरी खबर…

मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी सदर अस्पताल रोड पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. सदर अस्पताल के मुख्य गेट के पास स्थित एक विशाल सूखा पीपल का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. पेड़ गिरने के साथ बिजली के तार भी टूट गए और सड़क पर जमा बारिश के पानी में करंट फैलने लगा. स्थिति को देखते हुए इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

सड़क पर फैला करंट, लोगों में दहशत

पेड़ गिरने से बिजली के तार टूटकर सड़क पर आ गिरे. बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी में भी करंट दौड़ने लगा, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया. अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन काफी देर तक सड़क पार करने से बचते रहे. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन और बिजली विभाग को दी.

अस्पताल प्रशासन ने बंद कराई बिजली लाइन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने बुधवार सुबह ही बिजली विभाग से संपर्क कर संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवाई. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. हालांकि पेड़ गिरने के कारण अस्पताल रोड पर आवाजाही काफी देर तक प्रभावित रही.

पेड़ हटाने में हो रही देरी

स्थानीय दवा दुकानदार मिंटू कुमार ने बताया कि घटना के कई घंटे बाद भी पेड़ हटाने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सूखे पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाया जाए, तो ऐसे हादसों से बचा जा सकता है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क से पेड़ हटाया जाए और टूटे बिजली तारों की मरम्मत कर व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और आम लोगों को परेशानी न हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >