मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी में पुलिस विभाग से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. विभागीय लापरवाही के आरोप में पुलिस निरीक्षक रविन्द्र राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई बिहार पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग और कमजोर वर्ग प्रभाग, पटना की समीक्षा के बाद की गई है. बताया गया है कि पुराने आपराधिक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य समय पर उपलब्ध नहीं कराने के कारण जांच प्रभावित हो रही थी.
पुराने कांडों की समीक्षा में सामने आई लापरवाही
जानकारी के अनुसार, भागलपुर कोतवाली आदमपुर थाना कांड संख्या 758/17 और 759/17 की समीक्षा अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध अनुसंधान विभाग द्वारा की गई. समीक्षा के दौरान पाया गया कि उस समय अपराध अनुसंधान विभाग में पदस्थापित रहे पुलिस निरीक्षक रविन्द्र राम इन दोनों मामलों के अनुसंधानकर्ता थे.
सीडी और पेन ड्राइव नहीं सौंपने का आरोप
जांच के दौरान भागलपुर समाहरणालय की स्थापना शाखा से संबंधित कांडों की सीडी, पेन ड्राइव और जांच प्रतिवेदन की सत्यापित प्रतियां प्राप्त की गई थीं. आरोप है कि जब रविन्द्र राम ने कांड का प्रभार वर्तमान अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार यादव को सौंपा, तब उन्होंने ये महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराए.
कई बार पत्राचार के बाद भी नहीं दिया जवाब
वर्तमान अनुसंधानकर्ता और अपराध अनुसंधान विभाग की ओर से कई बार पत्र भेजकर संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया, लेकिन इसके बावजूद रविन्द्र राम द्वारा दस्तावेज और फुटेज जमा नहीं किए गए. विभाग का कहना है कि इससे मामले की जांच प्रभावित हो रही थी.
पुलिस मुख्यालय ने जारी किया निलंबन आदेश
मामले को गंभीर मानते हुए अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध अनुसंधान विभाग, पटना ने पुलिस निरीक्षक रविन्द्र राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र मधुबनी निर्धारित किया गया है.
