मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी में विकास योजनाओं को लेकर राजनीति गर्म है. इसी बीच मधुबनी विधायक माधव आनंद ने प्रेस वार्ता कर विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका फोकस सिर्फ योजनाओं को धरातल पर उतारने पर है. उन्होंने दावा किया कि वर्षों से लंबित कई परियोजनाओं को अब तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे विरोधी परेशान हैं.
आरओवी से लेकर रिंग रोड तक पर तेज हुई पहल
विधायक माधव आनंद ने कहा कि शहर के व्यस्त 13 नंबर गुमटी पर आरओवी निर्माण के लिए उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री, समस्तीपुर डीआरएम और मुख्यमंत्री से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि काम शुरू कराना उनकी प्राथमिकता है. इसके अलावा मिथिला हाट, निधि चौक से स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण और रिंग रोड जैसी पुरानी योजनाओं को भी गति देने की कोशिश की जा रही है.
“विकास देखकर विरोधियों को हो रही परेशानी”
प्रेस वार्ता में विधायक ने कहा कि योजनाएं सरकार बनाती है, लेकिन उसे जमीन पर उतारना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कई योजनाएं सिर्फ फाइलों में अटकी रहीं, लेकिन अब उन पर तेजी से काम हो रहा है. यही वजह है कि विरोधी लगातार भ्रम फैलाने में जुटे हैं.
स्टेडियम निर्माण और नगर विकास पर भी जोर
माधव आनंद ने बताया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों के मुताबिक शहर में स्टेडियम का निर्माण तेजी से चल रहा है और लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और मेयर मिलकर “ट्रिपल इंजन सरकार” की तरह मधुबनी के विकास को नई रफ्तार देने में जुटे हैं. इस दौरान मेयर अरुण राय समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
