Madhubani News: बिहार के मधुबनी में प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है . शहर से सटे मंगरौनी गांव में आपसी विवाद के दौरान गोली चलने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई . मृतक की पहचान लदनियां थाना क्षेत्र के खाजेडीह गांव निवासी निखिल झा के रूप में हुई है . इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है .
शाम को मधुबनी आया था युवक, रास्ते में घेरकर की झड़प
मिली जानकारी के अनुसार, खाजेडीह निवासी निखिल झा बुधवार की शाम किसी काम से मधुबनी शहर आया हुआ था . काम निपटाकर जब वह वापस लौट रहा था, तभी मंगरौनी गांव के समीप बलवंत झा और उसके साथियों ने उसे रोक लिया . पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस और झड़प हुई . इसी बीच विवाद बढ़ने पर बलवंत झा ने पिस्तौल निकालकर निखिल पर फायरिंग कर दी . गोली सीधे निखिल के गर्दन में लगी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई .
प्रेम प्रसंग का मामला, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने की छापेमारी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की . पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है . एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना एक लड़की से जुड़े प्रेम प्रसंग के विवाद के कारण हुई है . पुलिस ने मुख्य आरोपी बलवंत झा सहित सभी हमलावरों की पहचान कर ली है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है .
मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
