Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसएसबी और मधुबनी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. दोनों टीमों ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित गांजा बरामद किया है. पुलिस ने मौके से एक लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त करते हुए एक मुख्य तस्कर को भी रंगे हाथ दबोच लिया है. बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है.
भाग रही संदिग्ध स्कॉर्पियो को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधवापुर थाना अंतर्गत बिंदी परसा बॉर्डर क्षेत्र के रास्ते नेपाल से एक स्कॉर्पियो में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप भारतीय सीमा में लाई जा रही है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसएसबी (SSB) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया. इसी दौरान बॉर्डर की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा. मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने पीछा कर गाड़ी को घेर लिया.
तलाशी में खुला राज, तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की गहन तलाशी ली, तो उसमें से करीब 191.27 किलोग्राम अवैध प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ. मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार के रूप में की गई है. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह लंबे समय से सीमा पार से गांजे की अवैध तस्करी में संलिप्त है. मधवापुर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि इस पूरे अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके.
मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
