Madhubani News: भैरवस्थान थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नेपाली देशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है. थानाध्यक्ष सतेंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस को क्षेत्र में कार से शराब की बड़ी खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत सक्रिय होकर इलाके में विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया.
बोतलों में बंद थी शराब, दरभंगा का तस्कर दबोचा गया
जांच के दौरान जब पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसमें से कुल 540 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से ही तस्कर को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के अमई गांव निवासी विनोद यादव के 25 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार यादव के रूप में की गई है. तस्कर इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, पुलिस इसकी कड़ियों को जोड़ रही है.
मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त की गई शराब और कार को थाने ले आया गया है. आरोपी सुजीत कुमार यादव के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ-साथ इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य नेटवर्क का पता लगाने के लिए अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
