Madhubani News: बिजली विभाग मधुबनी डिवीजन के तहत ग्रामीण उपभोक्ताओं और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को 10 प्रखंडों में विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रामपट्टी, कलुआही, बेनीपट्टी, रहिका और पंडौल सहित विभिन्न चिन्हित जगहों पर यह शिविर लगाए गए. बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने बताया कि दोपहर एक बजे तक ही शिविरों में 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके थे.
कृषि फीडर और नए घरेलू कनेक्शन को लेकर किसानों में उत्साह
शिविर में पहुंचे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों ने मुख्य रूप से कृषि फीडर से नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए अपने आवेदन सौंपे. इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में नया फीडर निर्माण करने, जर्जर तार बदलने, ओवरलोडेड जगहों पर नए ट्रांसफार्मर लगाने और नए घरेलू बिजली कनेक्शन को लेकर भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायतें और आवेदन दर्ज कराए. कार्यपालक अभियंता ने खुद कई जगहों पर पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं.
दस दिनों के भीतर होगा समस्याओं का निपटारा
कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि शिविर में आए सभी आवेदनों का अगले 10 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत निपटारा कर दिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की सबसे पहली प्राथमिकता कृषि फीडर में नए पोल लगाकर किसानों के खेतों तक जल्द से जल्द बिजली पहुंचाना है. इसके साथ ही नए घरेलू कनेक्शन देने और जर्जर तारों को बदलने जैसे कामों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा.
मधुबनी से के के पुट्टी की रिपोर्ट
