Madhubani News: जिला मुख्यालय स्थित परिसदन (सर्किट हाउस) में राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य रुबेल रविदास और डॉक्टरों के बीच तीखी नोकझोंक का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बैठक के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई. आक्रोशित डॉक्टरों ने आयोग के सदस्य रुबेल रविदास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने डॉक्टरों के साथ न केवल गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया, बल्कि प्रति पीएचसी (PHC) एक लाख रुपये की रंगदारी देने की मांग भी की. इस घटना के बाद जिले के चिकित्साकर्मियों में भारी उबाल है.
डॉक्टरों ने किया कार्य बहिष्कार, न्याय के लिए निकाला पैदल मार्च
सदस्य के इस कथित व्यवहार और रंगदारी के आरोप से नाराज डॉक्टरों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया है. चिकित्सकों ने सदर अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इसके बाद अपनी सुरक्षा और सम्मान की मांग को लेकर आक्रोशित डॉक्टरों ने परिसदन से लेकर समाहरणालय (डीएम कार्यालय) तक एक विरोध पैदल मार्च निकाला. डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर आरोपी सदस्य के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
मधुबनी से रमण कुमार की रिपोर्ट
