मधुबनी: दवा दुकानदारों के समर्थन में उतरे एमआर, राष्ट्रव्यापी हड़ताल को दिया पूर्ण समर्थन

Madhubani News: ऑनलाइन दवा कंपनियों के खिलाफ एआईओसीडी द्वारा 20 मई को बुलाई गई देशव्यापी हड़ताल को मधुबनी के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स (एमआर) संघ ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया है और आंदोलन में शामिल होने का एलान किया है. पढ़ें पूरी खबर…

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

Madhubani News: दवा दुकानदारों की संस्था एआईओसीडी द्वारा आगामी 20 मई को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर लामबंदी तेज हो गई है. इसी कड़ी में बिहार प्रदेश सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन (बीपीएसआरए) मधुबनी यूनिट ने इस आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है. संगठन के अध्यक्ष आदित्य कुमार ने केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष को इस संबंध में आधिकारिक समर्थन पत्र सौंपा है.

फर्जी प्रिस्क्रिप्शन से बढ़ा सार्वजनिक स्वास्थ्य पर खतरा

समर्थन की घोषणा करते हुए संगठन के अध्यक्ष आदित्य कुमार ने कहा कि ऑनलाइन दवा व्यवसाय और अवैध चिकित्सा गतिविधियों के कारण आम जनता, केमिस्ट, स्टॉकिस्ट तथा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स (एमआर) के हितों को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि एआई आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन, ऑनलाइन चेकअप के नाम पर भ्रामक सलाह और बिना उचित सत्यापन के दवाओं की होम डिलीवरी की जा रही है. इससे एंटीबायोटिक्स व आवश्यक दवाओं के दुरुपयोग से मरीजों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है.

आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का संकल्प

बीपीएसआरए ने कहा कि कॉर्पोरेट ऑनलाइन दवा कंपनियां अवैध मुनाफाखोरी कर रही हैं, जिससे पारंपरिक दवा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है. इससे लाखों केमिस्ट, स्टॉकिस्ट और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स की आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिससे एमआर के कार्य एवं प्रदर्शन पर भी नकारात्मक प्रभाव देखा जा रहा है. इन्हीं गंभीर मुद्दों को देखते हुए बीपीएसआरए बिहार-झारखंड ने एआईओसीडी एवं बीसीडीए की हड़ताल को समर्थन दिया है और मधुबनी यूनिट के सदस्य इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >