मधुबनी: एमपीए सबक्यूटेनियस इंजेक्शन अपनाकर बंदना बनीं मिसाल, अब दूसरी महिलाओं को कर रहीं प्रेरित

Madhubani News: बंदना ने आधुनिक गर्भनिरोधक साधन एमपीए सबक्यूटेनियस इंजेक्शन अपनाकर परिवार नियोजन की नई राह चुनी है. जिले में अब तक 1297 महिलाएं इस सुरक्षित और सुविधाजनक स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठा चुकी हैं. पढ़ें पूरी खबर…

Madhubani News: स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में उठाए गए छोटे कदम भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं और मधुबनी की बंदना इसका जीवंत उदाहरण हैं. एक साधारण ग्रामीण परिवार से ताल्लुक रखने वाली बंदना ने आधुनिक गर्भनिरोधक विधि ‘एमपीए सबक्यूटेनियस इंजेक्शन’ अपनाकर न केवल अपने जीवन को सुखी बनाया, बल्कि अब वह दूसरी महिलाओं के लिए रोल मॉडल बन गई हैं. बंदना ने बताया कि पहले वह पारंपरिक उपायों पर निर्भर थीं, जिससे असमंजस रहता था. इसके बाद आशा कार्यकर्ता के माध्यम से उन्हें इस तीन महीने वाले इंजेक्शन की जानकारी मिली. अस्पताल में सही परामर्श मिलने के बाद उनका डर विश्वास में बदल गया.

3 महीने की निश्चिंतता और ₹100 की प्रोत्साहन राशि

स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ रागिनी के अनुसार, एमपीए सबक्यूटेनियस इंजेक्शन तीन महीने तक गर्भधारण से सुरक्षित रखता है और पूरी तरह सुरक्षित है. सरकार की इस योजना के तहत इंजेक्शन लेने वाली लाभार्थी महिला और प्रेरित करने वाली आशा कार्यकर्ता दोनों को 100-100 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है. बंदना का कहना है कि एक बार इंजेक्शन लेने के बाद तीन महीने तक कोई चिंता नहीं रहती, जिससे वह अपने बच्चों और परिवार पर बेहतर ध्यान दे पा रही हैं. उनके इस सकारात्मक बदलाव को देखकर गांव की अन्य महिलाएं भी इसे अपनाने के लिए आगे आ रही हैं.

जिले में अब तक 1297 महिलाओं ने लिया लाभ

सिविल सर्जन डॉ हरेंद्र कुमार ने बताया कि सूबे के 15 जिलों में यह विशेष अभियान चल रहा है. मधुबनी जिले में 11 जुलाई 2025 को इसकी शुरुआत हुई थी और 31 मार्च 2026 तक कुल 1297 महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा चुकी हैं. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सदर अस्पताल में 199, अनुमंडलीय अस्पताल झंझारपुर में 221, पीएचसी झंझारपुर में 119, एपीएचसी अररिया संग्राम में 471, एचडब्ल्यूसी सर्वसीमा में 135 तथा एचडब्ल्यूसी काको में 152 महिलाओं ने यह इंजेक्शन लगवाया है.

मधुबनी से अनिल कुमार झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >