Madhubani News: जिले के अंधरामठ थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहारा गांव से सामाजिक संवेदनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां तीन बच्चों की मां से मिलने आए एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. इसके बाद कानून हाथ में लेते हुए लोगों ने प्रेमी युगल को एक पेड़ से बांधकर बंधक बना लिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
संदिग्ध स्थिति में पकड़ने का दावा, जुटी भारी भीड़
मिली जानकारी के अनुसार, युवक सिमराही का रहने वाला बताया जा रहा है. वह धरहारा गांव में रहने वाली अपनी प्रेमिका (जो तीन बच्चों की मां है) से मिलने उसके घर आया था. ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने दोनों को संदिग्ध स्थिति में रंगे हाथ पकड़ा. इसके बाद गांव में हंगामा खड़ा हो गया और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई.
पेड़ से बांधकर की पूछताछ, बनाया वायरल वीडियो
उग्र ग्रामीणों ने पंचायत फरमाने के अंदाज में दोनों को रस्सी के सहारे पेड़ से बांध दिया. इस दौरान भीड़ में शामिल लोग युवक से कड़ाई से पूछताछ करते दिखे और कई लोग अपने मोबाइल फोन से इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाने लगे. अब यही वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है.
पुलिस का बयान: लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
इधर, इस तालिबानी सजा के वायरल वीडियो पर पुलिस ने भी संज्ञान लिया है. अंधरामठ के थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो की चर्चा है, लेकिन इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या सूचना नहीं मिली है. पुलिस को लिखित आवेदन मिलते ही मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मधुबनी से रमण कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
