Madhubani News: लखनौर प्रखंड की कछुवी पंचायत की मुखिया शशि सिंह को पंचायत में उत्कृष्ट नेतृत्व और विकास कार्यों के लिए दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया. उन्हें यह सम्मान बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल ने प्रदान किया.
विकास कार्यों के लिए मिला सम्मान
मुखिया शशि सिंह को पंचायत में सड़क, नाली-गली, छठ घाट, श्रद्धास्थलों, ओपन जिम सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों के बीच सक्रिय जनसेवा के लिए सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उनके नेतृत्व और पंचायत के विकास कार्यों की सराहना की गई.
शशि सिंह बोलीं- यह सम्मान पूरी पंचायत का है
सम्मान प्राप्त करने के बाद मुखिया शशि सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि कछुवी पंचायत की जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद का सम्मान है. उन्होंने कहा कि पंचायत के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के लिए उनका प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा.
क्षेत्र में खुशी का माहौल
मुखिया शशि सिंह को मिले इस दोहरे सम्मान पर कछुवी पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पंचायत विकास के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रही है.
