झंझारपुर में केंद्रीय विद्यालय के लिए भवन तैयार करने का कार्य तेज, एसडीएम ने किया निरीक्षण

झंझारपुर के केजरीवाल प्लस टू हाई स्कूल परिसर में केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी संचालन के लिए भवन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव ने निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया है.

Madhubani News: झंझारपुर शहर के केजरीवाल प्लस टू हाई स्कूल परिसर में केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी संचालन के लिए भवन तैयार करने का कार्य तेज गति से चल रहा है. शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों व संवेदक को 15 दिनों के भीतर सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

एक अगस्त से पहले तैयार होगा परिसर

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार से निर्माण कार्य की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि एक अगस्त से पहले केंद्रीय विद्यालय के मानकों के अनुरूप भवन तैयार कर हस्तांतरित किया जाना है.

उन्होंने रंग-रोगन, सिगनेज, परिसर की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि परिसर बाहर से ही केंद्रीय विद्यालय जैसा दिखाई दे.

9.61 लाख रुपये की लागत से हो रहा निर्माण

जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड, मधुबनी के उप प्रबंधक (तकनीकी) की ओर से कृष्णा ट्रेडर्स को 9.61 लाख रुपये की लागत से कार्यादेश दिया गया है.

फिलहाल पांच कमरे और एक हॉल की मरम्मत, प्लास्टर, फर्श, रंग-रोगन, मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण तथा बच्चों के लिए हैंडवॉश प्लेटफॉर्म सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.

समय से पहले कार्य पूरा करने का दावा

विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार ने बताया कि निर्धारित समय से पहले सभी कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं संवेदक के प्रतिनिधि ने बताया कि कार्यादेश में 20 दिन की अवधि निर्धारित है, लेकिन इससे पहले ही निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा.

गौरतलब है कि अदलपुर स्थित चरवाहा विद्यालय परिसर की करीब पांच एकड़ भूमि पर केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण को राज्य मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिल चुकी है. स्थायी भवन बनने तक इसी शैक्षणिक सत्र से केंद्रीय विद्यालय का संचालन केजरीवाल प्लस टू हाई स्कूल परिसर से किया जाएगा.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >