ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से सुधरा भू-जल स्तर, पानी की स्थिति बेहतर

मधुबनी के ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने भू-जल स्तर में सुधार किया है. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अनुसार, यह पिछले साल की तुलना में बेहतर स्थिति में है, जिससे पेयजल संकट से राहत मिली है.

Madhubani News: पिछले कुछ दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बारिश का सकारात्मक असर भूजल स्तर पर देखने को मिला है. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के अनुसार, इस वर्ष समय पर हुई बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर पिछले साल की तुलना में बेहतर स्थिति में है.

पिछले साल की तुलना में बेहतर स्थिति

कार्यपालक अभियंता अली हैदर ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई में कई ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर 28 फुट तक नीचे चला गया था. जबकि इस वर्ष अप्रैल से समय-समय पर हुई बारिश के कारण भूजल स्तर में अधिक गिरावट नहीं आई.

उन्होंने बताया कि जून और जुलाई में हुई वर्षा से भूजल स्तर संतुलित बना हुआ है. सामान्य तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर 20 से 22 फुट होना चाहिए, जबकि जून में कई प्रखंडों में यह 25 फुट तक नीचे चला गया था. फिलहाल यह करीब 23 फुट पर है.

यह भी पढ़ें: हाइपोग्लाइसीमिया के 24 मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सभी अस्पतालों को विशेष निर्देश

नल-जल योजना और चापाकलों से मिली राहत

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि भूजल स्तर नीचे जाने के बावजूद नल-जल योजना के सुचारु संचालन से लोगों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ा.

उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से साधारण चापाकलों और आईएम-2 एवं आईएम-3 चापाकलों की समय पर मरम्मत कराई गई. वर्तमान में डिवीजन के सभी 11 प्रखंडों में 22 हजार से अधिक चापाकल तथा करीब 7 हजार आईएम-2 और आईएम-3 चापाकल संचालित हैं.

टैंकर की नहीं पड़ी जरूरत

विभाग के अनुसार हालिया माप के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर में लगभग दो इंच का सुधार दर्ज किया गया है.

पिछले वर्ष कई प्रखंडों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ा था, लेकिन इस वर्ष ऐसी स्थिति नहीं बनी है. हालांकि विभाग ने सभी टैंकरों को तैयार रखा है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग किया जा सके.

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभाग प्रतिदिन संवेदकों से पेयजल व्यवस्था की जानकारी ले रहा है. कहीं भी समस्या मिलने पर अभियंता और संवेदक तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kunjan kumar putt

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >