स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण झा को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई, क्षेत्र में शोक

96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण झा को रविवार को पोस्टमार्टम के बाद गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई. उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. प्रशासन की ओर से पुलिस जवानों ने अंतिम सलामी देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. परिवार के आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच अंतिम संस्कार का कार्यक्रम बदला.

Madhubani News: झंझारपुर के नगर परिषद वार्ड संख्या 20, बेहट निवासी 96 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण झा को रविवार को पोस्टमार्टम के बाद गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई. उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. प्रशासन की ओर से पुलिस जवानों ने अंतिम सलामी देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

शिकायत के बाद कराया गया पोस्टमार्टम

स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण झा का गुरुवार को निधन हो गया था. उनके पुत्र देवचंद्र झा ने मौत को संदेहास्पद बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद रविवार को पार्थिव शरीर को पैतृक आवास लाया गया.

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई

पैतृक आवास पर ज्येष्ठ पुत्र देवचंद्र झा ने विधि-विधान के साथ मुखाग्नि दी. प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता सेनानी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान पुलिस जवानों ने हवाई फायर कर अंतिम सलामी दी, जिससे माहौल भावुक हो गया.

अंतिम संस्कार के समय लखनौर बीडीओ राजेश्वर राम, झंझारपुर आरएस थाना प्रभारी माया कुमारी, नगर परिषद झंझारपुर के उप सभापति सविया प्रवीण, समाजसेवी अमित मिश्रा, बबलू शर्मा, मो. रहमतुल्ला, भाजपा जिला मंत्री बजरंगी दास, शिव शंकर प्रसाद सहित हरिओम झा, राहुल झा, नवीन झा, राजा झा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

परिवार के आरोप-प्रत्यारोप के बीच बदला अंतिम संस्कार का कार्यक्रम

मामले में पहले राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की गई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा.

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, देवचंद्र झा ने आरोप लगाया था कि उनके पुत्र शंकर झा ने स्वतंत्रता सेनानी को परिवार से अलग रखा और उनकी पेंशन का लाभ स्वयं लिया. वहीं, शंकर झा ने इन आरोपों को निराधार बताया था. मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >