बेनीपट्टी. थाना क्षेत्र के बेहटा पश्चिम टोल के वार्ड 10 के सुनील कुमार झा हत्याकांड मामले में घटना के दो दिन बीतने के बाद भी गुत्थी नहीं सुलझ सकी है. अपराधी पकड़ से दूर हैं. लगातार अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. हालांकि पुलिस संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में रखकर पूछताछ कर रही है. लेकिन अब तक हुई पूछताछ के बाद भी न तो हत्याकांड का कोई सुराग पुलिस को प्राप्त हो सका है न ही पुलिस कोई ठोस निष्कर्ष पर पहुंच सकी है. बताया जा रहा है कि इस मामले में मृतक के परिजनों द्वार अब तक प्राथमिकी दर्ज भी नहीं कराई जा सकी है. थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने कहा कि पुलिस की टेक्निकल सेल और एफएसएल की टीम घटना स्थल पर जांच करने के बाद अपना कार्य तेजी से कर रही है. उधर क्षेत्र के लोगों की निगाहें पुलिस के द्वारा इस नृशंस हत्याकांड के उद्भेदन और इसमें शामिल अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है. थानाध्यक्ष ने शीघ्र ही इस कांड का खुलासा करते हुए इसमें संलिप्त अज्ञात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिये जाने की बात बताई है. सूत्रों की मानें तो मृतक ग्रामीण चिकित्सक का कार्य करता था और बेहद शांत व मृदुभाषी स्वभाव का था. बताते चलें कि बीते 30 मई की रात दामोदरपुर में एक ऑटो चालक की निर्मम हत्या कर शव को बछराजा नदी पर बने पुल के नीचे फेंक दिया गया था. इस मामले में भी घटना के करीब 1 माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो अपराधियों की पहचान सुनिश्चित हो सकी है न ही किसी अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन किया जा सका है. स्थानीय लोगों ने कहा कि अपराध का ग्राफ बढ़ चुका है. हालांकि पुलिस शीघ्र ही दोनों घटनाओं का उद्भेदन करने का दावा कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
