Madhubani News: बेनीपट्टी. प्रखंड के सरिसब गांव में मंगलवार की सुबह बंदरों के झुंड से डरकर भागने के दौरान नदी में डूबने से 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बेनीपट्टी नगर पंचायत के वार्ड 21 सरिसब गांव निवासी मंटू कामत के पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गौतम गांव के चार अन्य बच्चों के साथ बछराजा नदी में स्नान करने गया था. इसी दौरान नदी के आसपास बंदरों का झुंड दिखाई दिया और बच्चे डरकर भागने लगे.
बंदरों का झुंड दिखते ही भागने लगे बच्चे
बताया जाता है कि नदी के पास बंदरों का झुंड दिखाई देने के बाद सभी बच्चे डर गये. इसके बाद बच्चे वहां से भागने लगे. चार बच्चे किसी तरह सुरक्षित निकल गये, जबकि गौतम भी भागते-भागते नदी की ओर चला गया और उसने पानी में छलांग लगा दी. नदी के गहरे पानी में जाने के बाद वह डूब गया.
नदी से निकालकर अस्पताल ले गये परिजन
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद गौतम को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद उसे तत्काल बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद गौतम को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की घटना की जांच
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने बेनीपट्टी थाना पुलिस को दी. जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेजने की प्रक्रिया शुरू की गयी.
चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था गौतम
गौतम चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. बेटे की मौत से मां समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मां को दहाड़ें मारकर रोते देख पड़ोस की महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी रहीं.
दिल्ली में रिक्शा चलाते हैं गौतम के पिता
बताया जाता है कि गौतम के पिता दिल्ली में रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना के बाद सरिसब गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण शोक में डूबे हैं.
ये भी पढ़ें: बंगाल में मिल सकता है करोड़ों का दुर्गा पूजा अनुदान तो बिहार में क्यों नहीं? मनोज झा ने सरकार से मांगा जवाब
